महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कटनी पुलिस द्वारा विशेष पहल “पुलिस दीदी” अभियान का शुभारंभ आज दिनांक 02.03.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम कटनी से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “पुलिस दीदी” अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करना है, जिससे वे निडर होकर समाज में आगे बढ़ सकें।

इस अभियान के अंतर्गत महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी स्कूल, कॉलेज, ग्रामों एवं शहरी मोहल्लों में पहुंचकर बालिकाओं एवं महिलाओं से संवाद स्थापित करेंगी। उन्हें विभिन्न अपराधों से बचाव के उपाय, आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, साइबर अपराध, सोशल मीडिया दुरुपयोग एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी विस्तार से समझाइश दी जाएगी।

अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, पुलिस के प्रति विश्वास सुदृढ़ करने तथा समाज में सुरक्षा एवं सम्मान का वातावरण निर्मित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला पुलिस कटनी द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 100/112 अथवा संबंधित थाने से संपर्क करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content